राजस्थान के कोटा शहर में दिनदहाड़े बीच सड़क पर एक विवाहित महिला की निर्ममता से गला काटकर हत्या करने का दिल दहला देने वाला खौफनाक मामला सामने आया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। चाकू से गला काटने के बाद आरोपी 5 मिनट तक वहीं खड़े होकर मौत का मंजर देखता रहा और फिर खुद ही थाने जाकर पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। जानकारी के अनुसार, कोटा शहर के गुमानपुरा थाना इलाके के छावनी नगर निगम कॉलोनी में दिनदहाड़े महिला की गला काटकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान कमलेश के रूप में हुई है। हत्या के बाद आरोपी करीब 5 मिनट तक हाथ में चाकू लेकर लहूलुहान सड़क पर पड़ी तड़प रही कमलेश के आसपास ही घूमता रहा, लेकिन इस दौरान कोई उसकी मदद कोई आगे नहीं आया। महिला द्वारा दम तोड़ने के बाद हमलावर चाकू लहराता हुआ वहां से निकल गया और सीधा थाने पहुंचकर खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। इस हत्याकांड के बाद परिवार के लोगों में काफी रोष देखने को मिला और पुलिस की कार्यप्रणाली भी सवाल उठने लगे। परिवार के लोगों का कहना है कि कमलेश के परिवार में वो ही कमाती थी। ऐसे में महिला की मौत के बाद परिवार में कोई कमाने वाला नहीं बचा। महिला के दो बेटे और एक बेटी है और उसका पति भी बीमार रहता है। मृतका के परिवार के लोगों ने पीड़ित परिवार की मदद के लिए 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग की है। साथ ही कहा कि जब तक मुआवजा नहीं मिलता वो शव का पोस्टमॉर्टम नहीं करवाए और ना ही शव को लेंगे।
