Wed, 07 22, 2026
देश

खेत पर चारा लेने गई महिला पर जंगली सूअर ने हमला, 20 मिनट तक नोंचता रहा सूअर:

महिला के पूरे शरीर पर लगाने पड़े 70 से अधिक टांके

post-img

खटकड़ इलाके में खेत पर चारा लेने गई महिला पर जंगली सूअर ने हमला कर जगह -जगह से नोंच लिया। उसने महिला के शरीर पर तीन दर्जन घाव कर दिए। लहूलुहान हालत में जिला अस्पताल पहुंची महिला के घावों पर 70 से अधिक टांके लगाए गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार बलदेवपुरा निवासी रामजानकी [38] पत्नी महेन्द्र गोस्वामी चारा लेने के लिए पति के साथ सुबह बाइक पर खेत पर गई थी। पति ने खेत से कुछ दूर पहले बाइक रोक दी। वह पीछे आ रहे बच्चों का इंतजार करने लगा। इस बीच रामजानकी अकेली ही खेत की ओर जाने लगी। तभी रास्त में अचानक एक जंगली सूअर ने उस पर हमला कर दिया। सूअर ने उसे जगह जगह से नोंच दिया। थोड़ी देर बाद पति मौके पर पहुंचा। महिला को लहूलुहान हालत में जिला अस्पताल लाया गया।
टांके लगाने के लिए करनी पड़ी मशक्कत
जिला अस्पताल में सर्जन डा.अमर शर्मा ने बताया कि महिला के पूरे शरीर पर 70 से अधिक टांके लगाने पड़े। जंगली सूअर ने महिला के गाल, सिर, पीठ, कमर, दोनों हाथ और पैर पर तीन दर्जन से अधिक गहरे घाव कर दिए थे।
सूअर के दांतों में फंसे महिला के बाल
खेत के पास स्थित नहर की ड्रेन से निकलकर एक जंगली सूअर ने महिला पर हमला कर दिया और महिला को घसीटकर ड्रेन में ले गया। इस दौरान सूअर के दांत महिला के बालों में उलझ गए तथा वह महिला को ड्रेन में ही घसीटता रहा। करीब बीस मिनट बाद पति महेन्द्र आया तो सूअर के दांत महिला के बालों में उलझे हुए थे, जिससे वह घबरा गया, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी और दांतली से उलझे बालों के गुच्छे को काटकर सूअर को भगाया।
20 मिनट तक नोंचता रहा
पति महेन्द्र गोस्वामी ने बताया कि चारा लेने पत्नी के पास पहुंचने में उसे करीब 15 मिनट लग गए। इस दौरान रामजानकी चिल्लाती भी रही, लेकिन दूरी अधिक होने के कारण उसे आवाज सुनाई नहीं दी। जब वह उसके पास पहुंचा तब भी सूअर उसे नोंच रहा था। बड़ी मुश्किल से उसने वहां से सूअर को भगाया।

Related Post