Wed, 07 22, 2026
देश

सरकारी महाविद्यालयों के नामकरण पट्टिका का अनावरण:

हवामहल क्षेत्र के चारों राजकीय महाविद्यालयों किया नाम परिवर्तन, जाने किसका क्या नाम रहा

post-img

श्री राधा गोविन्द राजकीय महाविद्याल, कंवर नगर, ब्रह्मपुरी, जयपुर में हवामहल क्षेत्र के विधायक एवं केबिनेट मंत्री डाॅ. महेश जोशी ने हवामहल क्षेत्र के चारों राजकीय महाविद्यालयों की नामकरण पट्टिका का अनावरण किया। उल्लेखनीय है कि स्थानीय जनता के मत के आधार पर केबिनेट मंत्री डाॅ. जोशी ने राज्य सरकार से राजकीय महाविद्यालय, कंवर नगर का नाम श्री राधा गोविन्द राजकीय महाविद्यालय कंवर नगर, ब्रह्मपुरी, जयपुर निर्धारित व आदेशित करवाया।  इसी क्रम में राजकीय कन्या महाविद्यालय, गणगौरी बाजार, जयपुर का नया नाम माँ शबरी राजकीय कन्या महाविद्यालय, गणगौरी बाजार जयपुर रखा गया है। राजकीय कन्या महाविद्यालय, गंगापोल का नाम डाॅ. एपीजे अब्दुल कलाम राजकीय कन्या महाविद्यालय, गंगापोल, जयपुर रखा गया है। इसी प्रकार राजकीय महाविद्यालय, जयसिंहपुरा, खोर का नया नामकरण ज्योतिबा फुले राजकीय महाविद्यालय, जयसिंहपुरा, खोर, जयपुर रखा गया है। सरकारी महाविद्यालयों के नामकरण पट्टिका के अनावरण का मुख्य कार्यक्रम श्री राधा गोविन्द राजकीय महाविद्यालय, कंवर नगर, ब्रह्मपुरी के नवीन भवन में बड़े भव्य स्वरूप के साथ केबिनेट मंत्री डाॅ. महेश जोशी के सांनिध्य एवं मुख्य आथित्य तथा महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. सुमन भाटिया की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस अवसर पर डाॅ. महेश जोशी जयपुर अराध्य गोविन्द देव जी के दर्शन कर, जन रैली के रूप में स्थानीय जनता से जनसंपर्क करते हुए, चारों महाविद्यालयों के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के साथ श्री राधा गोविन्द राजकीय महाविद्याल के नवीन भवन में पहुंचे। इस नवीन भवन में डाॅ. महेश जोशी का भव्य स्वागत संस्कार किया गया। डाॅ. जोशी का चारो महाविद्यालय के प्राचार्य एवं सहायक निदेशक प्रो. पद्मश्री पटनायक, प्रो. सुमन भाटिया, प्रो. पी.सी. बुनकर, प्रो मीरा सिंह, डाॅ. महेश गुर्जर, प्रो. ओ. पी. मीणा, हरीश लोगानी विकास समिति सदस्य, मोहम्मद इकबाल, विधायक प्रतिनिधि, विवेक चूलेट, डाॅ. अजीत सिंह चैधरी, महेश मीणा सहित सभी जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थी प्रतिनिधियों आदि ने पुष्प गुच्छ, शाॅल एवं माल्यार्पण से स्वागत व अभिनंदन किया। नामकरण लोकार्पण के इस अवसर पर केबिनेट मंत्री डाॅ. जोशी ने अपने संभाषण में स्थानीय जनता का सहयोग के लिए आभार जताते हुए कहा कि हवामहल विधानसभा क्षेत्र में यह चारों महाविद्यालय खुलना, स्थानीय विकास की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिसे आप सभी के आशीर्वाद से मैं साकार रूप दे पाया। अब इन्हें आगे ले जाने की जिम्मेदारी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की है। कंवर नगर, महाविद्यालय में बने नए सभागार का नाम महाभारत के प्रसिद्ध पात्र महात्मा विदुर पर रखने का प्रस्ताव पारित करते हुए, उपलब्धियों की इस वेला पर डाॅ. जोशी के साथ उनके सभी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों, स्थानीय व्यापारियों, सरपंचों, विविध समितियों के अध्यक्षों एवं समाज सेवियों आदि ने बड़ा हर्ष जताया।

Related Post