प्रदेश में निर्वाचन विभाग द्वारा मंगलवार को राज्य के सभी 200 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की एकीकृत फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का अन्तिम प्रकाशन किया गया। यह सूची विभाग की वेबसाइट ceorajasthan.nic.in पर उपलब्ध है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री प्रवीण गुप्ता ने बताया कि विधानसभा आम चुनाव-2023 के लिए प्रदेश में कुल 5 करोड़ 29 लाख 31 हजार 152 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से 2 करोड़ 74 लाख 74 हजार 849 पुरूष एवं 2करोड़ 53 लाख 13 हजार 458 महिला मतदाता सम्मिलित हैं। उन्होंने बताया कि 18-19 साल के 22 लाख 71 हजार 647 नव मतदाता इस चुनाव में पहली बार मताधिकार का प्रयोग करेंगे। थर्ड जेंडर के 624 मतदाता पंजीकृत हैं।
अंतिम प्रकाशन के बाद 27 अक्टूबर तक
4 अक्टूबर को फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के अंतिम प्रकाशन के बाद 27 अक्टूबर तक प्राप्त फॉर्म 6 एवं फॉर्म 8 के आवेदन पत्रों का निस्तारण करते हुए एकीकृत मतदाता सूचियों का प्रकाशन किया गया है। मतदाता सूचियों में शत प्रतिशत मतदाताओं के फोटो मुद्रित हैं। उन्होंने बताया कि इस अवधि में 2 लाख 88 हजार 37 नाम मतदाता सूची में जोड़े गए। उन्होंने बताया कि एकीकृत मतदाता सूची में मतदाता और जनसंख्या अनुपात 652 है। इसी प्रकार, प्रति एक हजार पुरुष मतदाताओं पर 921 महिला मतदाता एकीकृत सूची में पंजीकृत हैं।
सबसे अधिक और कम मतदाता इन विधानसभा क्षेत्रों में
सबसे ज्यादा झोटवाड़ा विधानभा क्षेत्र में 4,28,067, बगरू में 3,52,418, सांगानेर में 3,50,032, विद्याधरनगर में 3,41,649, लूणी में 3,34,621, बाली में 3,32,730, सांचोर में 3,15,259 मतदाता पंजीकृत हैं। सबसे कम मतदाता किशनपोल विधानसभा क्षेत्र में 1,92,641 मतदाता, जोधपुर में 1,99,577, बसेड़ी में 2,02,944, अजमेर उत्तर में 2,09,560, सांगोद में 2,09,869 मतदाता पंजीकृत हैं।
