Wed, 07 22, 2026
देश

इंदिरा स्मार्ट फोन योजना शिविर में विधवाओं को लौटना पड़ा बैरंग:

3 बजे मोबाइल फोन स्टॉक समाप्त

post-img

सांभरलेक..राज्य सरकार की ओर से महिला लाभार्थियों को दिए जाने मोबाइल फोन शिविर अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ गए हैं। सांभरलेक में राजकीय दरबार उच्च माध्यमिक अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में आयोजित शिविर में दोपहर को ही शिविर समाप्त कर कर्मचारी आराम फरमाने लगे। इससे न केवल विधवा महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ा बल्कि सुबह से ही मोबाइल फोन मिलने की आशा में जल्दी घर से निकली और भूखी प्यासी बैठी रही। दोपहर 3 बजे जब शिविर में मौजूद कर्मचारियों ने मोबाइल फोन स्टॉक समाप्त होने की बात कहकर उन्हें टरकाया तो उनकी उम्मीदों पर पानी फिर गया। ग्राम पंचायत बरडोटी के श्यामी की ढाणी, कोच्या की ढाणी, झपोक, पिपला की ढाणी, गोपालपुरा, अटलपुरा आदि गांवों से आई सैंकड़ों विधवाओं को निराश होकर बैरंग लौटना पड़ा। ग्राम कोच्या की ढाणी से आई हीरा देवी ने बताया कि उसके पैर में ऑपरेशन हुआ है उसके बावजूद फोन मिलने की उम्मीद में यहां आई थी मगर यहां टका सा जवाब दे दिया। कोच्या की ढाणी की ही विधवा बरजी देवी गुर्जर ने बताया कि वह दमा से पीड़ित हैं, सांस लेने में तकलीफ है। यहां फोन लेने के लिए आई तो मुझे भी टरका दिया गया। इस शिविर में मंगलवार को मात्र 140 लड़कियों और महिलाओं को ही फोन दिया गया जबकि लाभार्थियों की संख्या करीब 350 से अधिक थी। इस सम्बंध में शिविर सुपरवाइजर मुकेश कुमारी ने कहा कि हमारे पास फोन का स्टॉक इतना ही आया था। ब्लॉक विकास अधिकारी झुन्थाराम जाट ने कहा कि मैं तो केवल प्रभारी हूँ। मुझे भी हमारे पीओ ने बताया है कि शिविर में मोबाइल फोन समाप्त हो गए हैं। इस सम्बंध में उपखण्ड अधिकारी को बताया जाएगा।

Related Post