भोपालगढ़ क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में पिछले कुछ दिनों से खेतों में खड़े सूखे चारे व घास-फूस में आग लगने की घटनाएं थमने का नाम ही नहीं ले रही है। आए दिन कहीं न कहीं आगजनी की घटनाएं सामने आ रही है। रविवार को भी भोपालगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र के बुड़किया गांव की कांकड़ में अज्ञात कारणों से एक खेत में लगी आग देखते ही देखते आसपास के तीन-चार अन्य खेतों में भी फैल गई। यहां खेतों में सूखे चारे व बाड़ आदि में आग लगने से कोई खास नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन सूखा चारा आग की चपेट में आने से आग ने काफी विकराल रूप धारण कर लिया और करीब एक किलोमीटर की दूरी में आग फैल गई। इस दौरान ग्रामीणों की सजगता के चलते टैंकरों से पानी डालकर एवं भोपालगढ़ नगरपालिका की अग्निशमन गाड़ी की मदद से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।
चरवाहे ने ग्रामीणों की दी सूचना
बुड़किया गांव के घेंवरराम पुत्र खुमाराम सियाग के खेत में रविवार को दोपहर बाद अज्ञात कारणों से खेत में खड़े सूखे चारे व घास-फूस आदि में आग लग गई। पास ही दूसरे खेत में बकरियां चरा रहे चरवाहे को जब खेत में लगी आग नजर आई, तो उसने गांव के लोगों को इसकी जानकारी देकर मौके पर बुलाया। लेकिन घास पूरी तरह से सूखी हुई होने के चलते बड़ी तेजी से आसपास के खेतों में करीब एक किलोमीटर दायरे तक पहुंच गई।
सप्ताह भर में कई घटनाएं
भोपालगढ़ शहर सहित क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में पिछले कुछ दिनों से आए दिन खेतों व पशु बाड़ों में आग लगने की घटनाएं सामने आ रही है। इसके तहत जहां गत 22 अक्टूबर को क्षेत्र के बारनी खुर्द गांव की कांकड़ व सोपड़ा रोड स्थित खेतों में आग लगने की घटनाएं सामने आई थी। वहीं इसके अगले दिन भोपालगढ़ शहर के गोदारा चौक में एक पशु बाड़े में आग लग गई थी। इसके अलावा दो दिन पहले ही इसी तरह से क्षेत्र के रड़ोद गांव की कांकड़ के खेतों में भी आग लगने की घटना हुई थी।
