नई दिल्ली. दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ (DUSU) के चुनाव में एबीवीपी ने 4 में से 3 पदों पर बाज़ी मार ली है और शानदार ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। इस जीत के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। कांग्रेस की छात्र इकाई नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया के अभि दहिया ने उपाध्यक्ष के पद पर जीत दर्ज की है। मतगणना के दौरान भी यूनिवर्सिटी के कॉलेजों में पुलिसकर्मी और पैरामिलिट्री के जवान तैनात रहे। डूसू के साथ-साथ कॉलेजों की यूनियन के चुनाव भी शुक्रवार को हुए और कई कॉलेजों में नतीजे भी आ गए। एबीवीपी के मेनिफेस्टो में देशभक्ति, राष्ट्रवाद, मेट्रो में सस्ते पास, हॉस्टल होने जैसे मुद्दे थे। एनएसयूआई ने सभी को बराबर मौके मिलने, कैंपस में भ्रष्टाचार, हॉस्टल पर 14 फीसदी जीएसटी, डूसू बजट पेश न करने पर वोट मांगा है। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) के केंद्रीय पैनल के चुनाव के दौरान 42 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। यह चुनाव एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में चिह्नित हुआ है, क्योंकि छात्रों ने लगभग 4 साल के अंतराल के बाद केंद्रीय पैनल के लिए अपना वोट डाला है। कोरोना की वजह से पिछले तीन सालों में इलेक्शन नहीं हुआ। लंबे अंतराल के बाद हो रहे चुनावों में स्टूडेंट्स जोश में हैं। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पदों के लिए इलेक्शन हो रहा है। इस साल 24 कैंडिडेट मैदान में हैं। एबीवीपी ने अध्यक्ष पद के लिए तुषार डेढ़ा, उपाध्यक्ष पद पर सुशांत धनकड़, सचिव पद पर अपराजिता तथा संयुक्त सचिव पद पर सचिन बैंसला को मैदान में उतारा था। वहीं, एनएसयूआई की ओर से हितेश गुलिया अध्यक्ष, अभि दहिया उपाध्यक्ष पद, यक्ष्ना शर्मा सचिव पद और शुभम कुमार चौधरी संयुक्त सचिव पद के लिए मैदान में था।
एसएफआई और एआईएसए ने भी उतारे थे उम्मीदवार:
एसएफआई पैनल में अध्यक्ष पद के लिए आरिफ सिद्दीकी, उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी अंकित, सचिव पद की अदिति त्यागी, संयुक्त सचिव पद की उम्मीदवार निष्ठा सिंह मैदान में थे। इसी तरह एआईएसए की आयशा अहमद खान अध्यक्ष पद, अनुष्का चौधरी उपाध्यक्ष पद, सचिव पद पर आदित्य प्रताप सिंह और संयुक्त सचिव पद पर अंजलि कुमारी मैदान में थे। दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव में अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद पर एबीवीपी का कब्जा रहा तो वहीं उपाध्यक्ष पद एनएसयूआई के खाते में गया। इसमें अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के तुषार डेढा को 23470 वोट मिले। उपाध्यक्ष पद पर अभि दहिया जीते और एनएसयूआई को 22331 तो एबीवीपी को 20502 वोट मिले। जबकि सचिव पद पर अपराजिता जीतीं इसमें एबीवीपी को 24534 और एनएसयूआई के 11597 वोट मिले। इधर, संयुक्त सचिव पद पर सचिन बैंसला जीते। इसमें एबीवीपी को 24955 एनएसयूआई को 14960 वोट मिले।
