Wed, 07 22, 2026
देश

मतदान से पहले शादियों के लिए वाहन बुकिंग बना चुनौती, वर -वधू पक्ष को बसों वाहनों के प्रबंध करने में आ रही दिक्कतें:

शादी के लिए ढाई गुना ऊंची दर पर काफी दिक्कतों के बाद मिल रहे वाहन

post-img

राजस्थान विधानसभा चुनाव 25 नवम्बर को होने हैं। इससे पहले 23 नवम्बर को देव उठनी एकादशी पर बड़ा सावा होने से शादियां भी खूब होगी। चुनाव के कारण शादी वाले घरों में बारात ले जाने व दुल्हन को विदा कराकर लाने के लिए वाहनों को लेकर संकट खड़ा हो गया है। शादी वाले परिवारों को ऐन वक्त पर बुकिंग की गाड़ी नहीं मिलने की चिंता सताने लगी है। वहीं लोग शादी के लिए ढाई गुना ऊंचे दाम देकर वाहनों की बुकिंग करवा रहे हैं।
दूसरी ओर हर साल देवउठनी एकादशी के सावे पर काफी मुनाफ कमाने वाले वाहन संचालकों के मुनाफे पर भी इस बार चुनाव का संकट खड़ा हो गया है। बस संचालकों का कहना है कि मतदान से दो दिन पूर्व देव उठनी एकादशी है। परिवहन विभाग मतदान से दो - तीन दिन पहले उनकी बसें खड़ी करवा लेता है।
इस बार भी चुनाव के कारण बसें व अन्य हल्के वाहन खड़े करा लिए जाएंगे तो शदियों की बुकिंग के लिए अतिरिक्त बसें व हल्के वाहन कहां से लाएंगे। शादियों की व्यवस्था में जुटे वर एवं वधू पक्ष के लोगों में भी ऐन मौके पर चुनाव होने से नाराजगी है।
लोगों को विवाह समारोह के लिए बसें व हल्के की बुकिंग तथा टेंट की व्यवस्था में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। परिवहन विभाग ने मतदान दलों, पर्यवेक्षकों व रिटर्निंग ऑफिसर्स के लिए वाहनों का अधिग्रहण करना शुरू कर दिया है। इसके चलते वाहनों के अधिग्रहण के डर से वाहन मालिक बारात की बस बुकिंग करने से बच रहे हैं। उन्हें डर है कि गाड़ी की बुकिंग कर ली और पकड़ी गई तो परेशानी आ सकती है। हालांकि कई बस संचालक मुंहमांगे दामों पर बुकिंग कर रहे हैं।
डेट खाली नहीं होने की बात कर रहे हैं
चुनाव को लेकर प्रशासन के साथ राजनीतिक दल भी वाहनों की बुकिंग कराने में जुटे हैं। ऐसे में कई जगह वाहन संचालक विवाह और चुनाव की तिथि आस पास होने से दोनों पक्षों को डेट खाली नहीं होने की बात कर रहे हैं। हालांकि मनमाने दाम चुकाने पर किसी तरह मैनेज करने की बात भी कह रहे हैं।
प्रशासन ने लिए वाहन
नागौर में मतदान के लिए परिवहन विभाग 224 बसों की व्यवस्था कर चुका है। इसके अलावा पांच विधानसभा क्षेत्रों में अफसरों के भ्रमण के लिए अलग से छोटी गाडिय़ां अधिग्रहित की जा चुकी है। पांचों विधानसभा क्षेत्रों में 20-20 गाड़ियां दी गई है।

Related Post