बीजेपी नेता विजय कुमार सिंह की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आ गई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि उनकी मौत चोट से नहीं, हार्ट अटैक से हुई है। इस रिपोर्ट को बीजेपी ने गलत बताया है और इस केस की हाईकोर्ट के सिटिंग जज से जांच कराने की मांग की है।
13 जुलाई को पटना में विधानसभा मार्च के दौरान पुलिस ने बीजेपी नेताओं पर लाठीचार्ज किया था। इस दौरान जहानाबाद से जिला महामंत्री विजय सिंह की मौत हो गई थी। बीजेपी नेताओं ने दावा किया था कि पुलिस की पिटाई से उनकी मौत हुई है। इसके बाद हंगामा मच गया था।
पुलिस ने CCTV खंगाला और जारी करके बताया कि विजय डाकबंगला पहुंचे ही नहीं थे। वे छज्जूबाग में गिरकर बेहोश हुए थे। पटना डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने पोस्टमॉर्टम के आदेश दिए थे। इसके बाद पीएमसीएच के तीन डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमॉर्टम किया था।
गुरुवार को टीम ने अपनी रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंप दी है। माैत की वजह जानने के लिए पीएमसीएच की ओर से हिस्टो पैथोलॉजिकल जांच भी हुई थी। इसमें कहा गया है कि विजय कुमार सिंह की माैत दिल की बीमारी और इससे जुड़ी दिक्कतों की वजह से हुई थी न कि लाठीचार्ज से।
बीजेपी का दावा है कि 13 जुलाई को हुए लाठीचार्ज में उनके नेता विजय सिंह की मौत हुई। सरकार इसे हार्ट अटैक से हुई मौत बता रही है।
बीजेपी ने लीपापोती का लगाया आरोप
पटना में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नीतीश कुमार पर निशाना साधा और पूरे मामले पर लीपापोती करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि सरकार जो रवैया अपना रही है, वो नहीं चलेगा। उन्होंने पोस्टमॉर्टम के रिकॉर्डिंग के वीडियो की मांग की। कहा- अगर हिम्मत है तो सरकार वीडियो दे। सम्राट चौधरी ने कहा कि लाठीचार्ज की पटना हाईकोर्ट के सिटिंग जज से जांच होनी चाहिए। उन्होंने पोस्टमॉर्टम का वीडियो AIIMS भेजने की भी मांग की है।
सरकार के खिलाफ सिग्नेचर कैंपेन
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नीतीश कुमार की सरकार ने मानवता को शर्मसार किया है। 13 जुलाई को बीजेपी के सांसद, विधायकों और हमारी महिला कार्यकर्ताओं की छाती पर लाठी चलाई गई। इसके खिलाफ में 24 जुलाई से हमारा युवा मोर्चा सभी जिला मुख्यालय और मंडल हेडक्वार्टर पर हस्ताक्षर अभियान चलाएगा। यह 9 अगस्त तक चलेगा। राज्यपाल को मैमोरैंडम भी सौंपा जाएगा।
सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार पर मामले को रफा-दफा करने का आरोप लगाया है।
शिक्षक भर्ती पर सरकार अभ्यर्थियों को ठग रही
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि 4 लाख 70 हजार शिक्षक अभ्यर्थियों के समर्थन में विधानसभा मार्च किया गया था। जिन्हें नौकरी देने की बात कर रहें हैं, इन्हें तो पहले ही नौकरी मिली है। इनकी सीधी नियुक्ति कीजिए। कोई बहाना नहीं चलेगा। बिहार में नीतीश की सरकार ठग रही है।
नीतीश कुमार बीजेपी की कृपा से सीएम बने। बेंगलुरु में विपक्षी एकता की मीटिंग के दौरान अनस्टेबल पीएम कैंडिडेट का पोस्टर कांग्रेस ने लगाया था।
वहीं मणिपुर के मामले पर कहा कि वहां हिंदू मुस्लिम की बात नहीं है। हाईकोर्ट के फैसले के बाद यह सब हुआ है। पीएम मोदी ने कहा है कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है। किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
रिपोर्ट पर सवाल उठाना गलत- जेडीयू
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर बीजेपी के सवाल को जनता दल यूनाइटेड ने गलत ठहराया है। पूर्व शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन वर्मा ने कहा है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट को चैलेंज नही किया जा सकता है। इसे मानना चाहिए। मौत हार्ट अटैक से हुई है।
ये बीजेपी का प्रोपेगैंडा है- आरजेडी
बीजेपी के आरोप पर राजद ने कहा है कि बीजेपी प्रोपेगैंडा फैला रही है। राष्ट्रीय जनता दल के विधायक राकेश रौशन ने कहा है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में इंटरनल इंजरी नहीं है। एक्सटर्नल इंजरी भी नहीं। मौत की वजह हार्ट अटैक बताई गई है। यदि किसी पर लाठी चलेगी तो निशान होंगे। मौत की वजह कार्डिक अरेस्ट है। यह बात हम सब पहले से कह रहें हैं।
ये खबर भी पढ़िए...
पटना में भाजपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस का लाठीचार्ज:एक नेता की मौत; वाई सिक्योरिटी की मौजूदगी में BJP सांसद को भी पीटा
सरकार के खिलाफ बिहार विधानसभा मार्च कर रहे बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस पिटाई में कई नेता और कार्यकर्ता घायल हो गए। वहीं, पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने दावा किया कि पुलिस की लाठीचार्ज में जहानाबाद के महामंत्री विजय कुमार सिंह की लाठीचार्ज में मौत हो गई। नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा समेत कई नेता पार्टी कार्यालय पहुंचे। वहां मृतक बीजेपी कार्यकर्ता को श्रद्धांजलि दी गई।
