बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत रतनपुर चैक पोस्ट के पास ही बेकाबू ट्रक ने जीप को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक साथ आठ मजदूरों की मौत हो गई। वहीं, आठ गंभीर रुप से घायलों का उपचार चल रहा है। रविवार दोपहर बाद हादसे की सूचना आग की तरह दौड़ी, लोग स्तब्ध रह गए। एक साथ आठ लोगों की मौत ने लोगों की आंखे नम कर दी। परिवारजनों को ढांढस बंधाने दौड़ पड़े। जिले में रोजगार के घटते अवसर, कम मजदूरी और घर-गृहस्थी को चलाने की मजबूरी अन्य शहरों में रोजगार के लिए पलायन करवाती है और कई बार ऐसे ही हादसे सदा के लिए दूरी बढ़ा जाते हैं। परिवार को कभी न भर पाने के जख्म दे जाती है।
10 किलोमीटर बाद ही आ गई मौत...
मृतक हेमंत की साली पुष्पा ने बताया कि उसकी छोटी बहन प्रियंका की शादी तीन-चार वर्ष पूर्व ही हेमंत से हुआ था। विवाह के बाद प्रियंका की दो संताने हैं। पहली संतान दो साल की व दूसरी छह माह की है। बहन का कवेलूपोश मकान है और खेती कुछ जमीन है। लेकिन, उससे परिवार नहीं चल पा रहा था। इस पर हेमंत अहमदाबाद में मजदूरी करने जाता था। वह मजदूरी की राशि अपनी पत्नी को भेजता था। इससे ही गृह-गुजारा चल रहा था। हेमंत दो-तीन दिन पहले ही अहमदाबाद से परिवार को मिलने आया था और रविवार को वापस जाने के लिए वह जीप में बिछीवाड़ा से सवार हुआ था। घटना स्थल से बिछीवाड़ा मात्र 10 किमी ही दूर है। ऐसे में दस किलोमीटर चलते ही उसे मौत नसीब हुई। परिवार पर बहुत बड़ी आपदा आ गई है।
