दानालपुर गांव में गुरुवार रात को 33 हजार केवी का विद्युत तार टूटने से आस पास के लोगों में अफरा तफरी मच गई। टूटा हुआ विद्युत तार दानालपुर निवासी सुलतान मीना के घर में जा गिरा। गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ। तार टूटने से आधा दर्जन ग्रिड स्टेशनों से जुड़े हुए करीब 40 गांवों की विद्युत आपूर्ति रात भर ठप रही। शुक्रवार दोपहर को बिजली सुचारु हो पाई। तार टूटने से 33 केवी सब स्टेशन पटोंदा, खेड़ा, कारवाड़, कोटरी, रिठोली, गावड़ा मीना, आदि ग्रिड स्टेशनों से जुड़े सनेट, कजानीपुर, जमालपुर फैलीपुरा सहित करीब 40 गांवों में रात को अंधेरा छाया रहा।
घरों के ऊपर से गुजर रही लाइन
दानालपुर के ग्रामीणों ने बताया कि श्रीमहावीर जी से खेड़ा की ओर जाने वाले करीब एक दर्जन ग्रिड स्टेशनों की सप्लाई तार बार-बार टूटने से प्रभावित रहती है। तार कमजोर होने से कभी भी टूट जाता है। बरसात के दिनों में व तेज हवा चलने समस्या अधिक रहती है। वहीं 33 हजार केवी की लाइन घरों के ऊपर से गुजर रही है। जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि तारों को घरों से ऊपर से हटवाकर अन्य जगह होकर शिफ्ट कराने की विद्युत निगम से कई बार मांग कर चुके हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही।
पेयजल आपूर्ति रही बाधित: तार टूटने के बाद रात भर बिजली आपूर्ति ठप होने से सुबह पेयजल आपूर्ति भी बाधित रही। लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ा। महिलाओं को दूर दूर से पानी लाना पड़ा। ग्रामीणों ने बताया कि करीब 15 घंटे बाद बिजली आपूर्ति सुचारु हो सकी। ग्रामीणों ने ऐसी परेशानी को रोकने के लिए स्थायी समाधान की मांग की है।
