रणथम्भौर में करंट ऑनलाइन में कैंटरों में भी सीट बुक करने को लेकर मारामारी की संभावना जताई जा रही है। वहीं त्योहारी सीजन को देखते हुए होटल संचालकों की ओर से भी पर्यटकों के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की जा रही है।
वीकेंड से ही शुरू हो जाएगी भीड़
वन अधिकारियों ने बताया कि इस बार मंगलवार को दशहरा का त्योहार है। ऐसे में वीकेंड यानि शनिवार से ही रणथम्भौर में देशी-विदेशी पर्यटकों की आवक में इजाफा होने की संभावना जताई जा रही है। पर्यटकों की अधिक आवक दशहरा तक जारी रहेगी। हालांकि दशहरा के अगले दिन बुधवार होने के कारण टाइगर रिजर्व में पर्यटन बंद रहेगा।
चार दिनों में दस हजार पर्यटकों के पार्क भ्रमण पर जाने की संभावना
वन अधिकारियों की माने तो दशहरा के दौरान शनिवार से लेकर मंगलवार के बीच चार दिनों में प्रति पारी करीब ढाई हजार देशी विदेशी पर्यटकों के पार्क भ्रमण पर जाने की संभावना है। ऐसे में दशहरा तक कुल चार दिनों की आठ पारियों में कुल मिलाकर 10 हजार पर्यटकों के पार्क भ्रमण पर जाने की उम्मीद है।
अधिकतम 140 वाहनों को भेजा जाएगा
वन अधिकारियों ने बताया कि दशहरा के अवसर पर पर्यटकों की आवक में इजाफा होने की संभावना को देखते हुए विभाग की ओर से चार दिनों के त्योहारी सीजन के दौरान प्रति पारी अधिकतम 140 वाहनों से पर्यटकों को पार्क भ्रमण पर भेजने की योजना है। गौरतलब है कि पूर्व में नेशनल टाइगर कनजर्वेशन अथोरियटी (एनटीसीए) की गाइडलाइन के तहत टाइगर रिजर्व में प्रतिपारी अधिकतम 140 पर्यटन वाहनों की संख्या को निर्धारित कर दिया गया था।
करंट ऑनलाइन में केवल कैंटर में ही होगी बुंकिंग
रणथम्भौर में वन विभाग की ओर से पूर्व में ही करंट ऑनलाइन बुकिंग में जिप्सी की बुकिंग को बंद कर दिया गया था। ऐसे में करंट ऑनलाइन बुकिंग में केवल कैंटर में ही बुकिंग की जा रही है। ताकि अधिक से अधिक पर्यटकों को निर्धारित गाइडलाइन के तहत पार्क भ्रमण पर भेजा जा सके। यदि किसी पर्यटक को करंट में जिप्सी में बुकिंग करानी है तो उसे तत्काल कोटे से जिप्सी में बुकिंग करानी होगी और इसके लिए पर्यटकों को जिप्सी के शुल्क के अतिरिक्त 25 हजार रुपए का शुल्क भी वहन करना होगा।
