राजस्थान में मतदान की तारीख बदली जाने से मतदाताओं को बड़ी राहत मिली है। इससे शादी वाले घरों में भी मतदान को लेकर किसी तरह की कोई परेशानी नहीं होगी। अब उनको वाहन आदि के लिए भी ज्यादा राशि नहीं देनी पड़ेगी। साथ ही अपने मताधिकार का उपयोग भी कर सकेंगे। पचलंगी सरपंच चंदा पालीवाल ने बताया कि इससे मतदान का प्रतिशत बढ़ना तय है। देवीपुरा के रणजीत सैनी ने बताया कि सबसे ज्यादा खुशी शादी वाले घरों में है। शादी समारोह में भाग लेने वाले व्यापारी, हलवाई, टेंट डेकोरेशन, फोटोग्राफर, पंडित, केटरिंग, सहित अन्य लोगों ने भी खुशी जताते हुए निवार्चन आयोग का आभार व्यक्त किया। उनको बड़ी परेशानी से निजात मिल गई है। उल्लेखनीय है पहले चुनाव की तारीख 23 नवम्बर तय की गई थी। इस दिन जिले में देवउठनी एकादशी के अनेक सावे हैं। चुनाव व सावा एक ही दिन होने के कारण शादी महंगी होने की संभावना थी। इसके लिए वोटिंग प्रतिशत भी घटने की संभावना थी। राजस्थान पत्रिका ने मतदाताओं के समक्ष होने वाली परेशानी को प्रमुखता से प्रकाशित किया। आयोग ने अब मतदान की तिथि में बदलाव कर उन्हें राहत दी है। राजस्थान में अब मतदान 25 नवम्बर को होगा।
