राजस्थान लोक सेवा आयोग की सेकंड ग्रेड टीचर भर्ती परीक्षा में धांधली करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया है। आरोपी अलवर का रहने वाला है। राहिल मोहम्मद नाम के इस युवक को पुलिस ने भर्ती परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी करने के आरोप में दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। राहिल ने रिजल्ट की पीडीएफ फाइल में गड़बड़ी कर नौकरी पाने की नाकाम कोशिश की थी।
अदालत ने दो दिन के पुलिस रिमाण्ड पर सौंपा
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अलवर निवासी राहिल मोहम्मद के खिलाफ आरपीएससी के सहायक सचिव सायरमल कुम्हार ने शिकायत दी थी। इस शिकायत के बाद सोमवार को विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी को पुलिस ने पूछताछ के बाद मंगलवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमाण्ड पर सौंपा है। पुलिस अब इस मामले में उसका सहयोग करने वालों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
