राजस्थान के झुंझुनू जिले के सिंघाना थाना इलाके के चितोसा-पुहानिया मार्ग पर 11 हजार किलो वोल्ट का तार एक बाइक पर गिरने से उसपर सवार युवक-युवती की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे के बाद जिसने भी यह खौफनाक मंजर देखा वह सिहर उठा। जानकारी के अनुसार, बाइक सवार युवती अपने परिचित के साथ चितोसा से पुहानिया जा रही थी। रास्ते में दोनों 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी बाइक में आग लग गई और दोनों मौके पर ही जिंदा जल गए। घटना की सूचना पर पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी जुटाई। बुहाना डीएसपी ने बताया कि मृतक प्रवीण (20) पुत्र देवेंद्र सिंह चितोसा का रहने वाला है। मृतका रवीना (20) पुत्री राजेंद्र पुहानिया की रहने वाली है। रवीना दोपहर अपनी सहेली से मिलने के लिए चितोसा गांव आई थी। शाम होने पर उसकी सहेली ने अपने भाई से रवीना को उसके गांव छोड़कर आने के लिए कहा। इसके बाद प्रवीण शाम करीब छह बजे बाइक पर रवीना को लेकर कच्चे रास्ते से पुहानिया जा रहा था। जब प्रवीण और रवीना चितोसा और पुहानिया के बीच कच्चे रास्ते पर पहुंचे। वहां 11 केवी बिजली सप्लाई का तार टूटा हुआ पड़ा था, जिसमें बाइक उलझने से करंट आ गया।
