Thu, 07 23, 2026
देश

शिक्षार्थियों को नहीं मिल रहा फायदा, संवेदक ले गए किट:

शिक्षा विभाग को मिले आधार किट उदासीनता की चढे भेंट

post-img

राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद की ओर से बीते वर्ष ब्लॉक कार्यालयों को दी गई आधार मशीनें शिक्षार्थियों के लिए फायदेमंद साबित नहीं हो रही हैं। परिषद ने विद्यार्थियों के शत प्रतिशत आधार नामांकन की सुविधा के लिए प्रत्येक ब्लॉक में दो-दो आधार किट की पहुंच सुनिश्चित की थी। ये आधार किट स्थानीय ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय को प्राप्त हुए, लेकिन इनके संचालन का कार्य संवेदकों को सौंपने के बाद से स्कूली विद्यार्थियों को इनका फायदा नहीं मिल रहा है। विद्यालयों के बालक और उनके अभिभावक आज भी आधार नामांकन के लिए परेशान हो रहे हैं।

शिक्षा विभाग के जरिये आधार मशीनों की पूर्ति कर बालकों के आधार का कार्य सुलभ करने का सपना भले ही देखा गया हो, मगर हकीकत में इन मशीनों के संवेदकों को सौंपने के बाद से विभागीय अधिकारियों को इनके संचालन की कोई अधिकृत सूचना नहीं है।

मशीन ले गए संवेदक

विद्यालयों में आधार कार्य के नाम पर कोटा के दो ऑपरेटर को आधार मशीन और उपकरण 28 मार्च 2023 को दिए गए। इसके लिए मुख्य संवेदक दिल्ली के रेडिएंट ने दोनों ई-मित्र ऑपरेटर के पत्र लिखा था। पत्र के आधार पर ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से दोनों को मशीन और उपकरण उपलब्ध कराए। लेकिन अधिकतर विद्यालयों में आज भी आधार नामांकन का कार्य नहीं हो पाया है। शुक्रवार को आधार नामांकन व कार्यस्थल को लेकर ऑपरेटर से जानकारी चाही तो दोनों ऑपरेटर ने फोन नहीं उठाए जबकि ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय को यह उपकरण 29 मार्च 2022 को प्राप्त हुए थे।

1 साल रखने के बाद दो ऑपरेटर को दिए गए। लेकिन क्षेत्र में कहीं भी इनका उपयोग नहीं हुआ।

इस सबंध में ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी राजबीरी देवी ने बताया कि आधार मशीन और उपकरण ले जाने के बाद दोनों ही संवेदक ई मित्र संचालक किसी भी स्कूल में नहीं पहुंचे और आधार का बकाया कार्य शुरू नहीं हो पाया। इसके लिए उच्च अधिकारियों को भी लिखा गया है। लगभग दो-दो लाख रुपए के उपकरण दोनों संवेदक ई-मित्र संचालक ले गए हैं।

Related Post