शारदीय नवरात्र की शुरुआत रविवार से होगी। इसके साथ ही गरबा-डांडिया की धूम शुरू हो जाएगी। इससे पहले ही बाजारों में ड्रेसेज दिखने लगी है। सिंपल लहंगा-बांधनी साफा सहित गुजरात-राजस्थान के कई रंग नजर आएंगे। एक तरफ अम्बे माता के मंदिरों में तैयारियां हो रही हैं। दूसरी ओर माता की आराधना करने के लिए युवा भी तैयारियों में जुटे हैं। डांडिया प्रशिक्षण के साथ ही युवक-युवतियां बच्चे, महिलाएं-पुरष गरबा ड्रेस भी बुक करने लगे हैं। इस बार भी मार्केट में डिजाइनर कलेक्शन आया है। राजस्थान सहित गुजराती, मराठी, बंगाली पैटर्न से जुड़ी ड्रेस और ज्वैलरी की भी डिमांड है।
युवाओं के लिए कलेक्शन
युवक-युवतियों में गरबा-डांडिया को लेकर उत्साह है। कई नौजवान पारंपरिक परिधान में ही गरबा करने जाते हैं। पुरुषों-युवकों के लिए घेरदार गुजराती कुर्ते, मल्टी कलर प्रिंट के साथ धोती-केड़िया बाजार में दिख रही हैं। महिलाओं-युवतियों के लिए गुजराती कढ़ाईदार बेलबूटे, कांच वाले लहंगा-चुन्नी, ब्लाउज ड्रेस उपलब्ध हैं। कई लोग साफा भी पसंद करते हैं। इसके लिए बांधनी, लहरिया और चुनरी पैटर्न का कलेक्शन आया है।
राजस्थानी पैटर्न भी पसंद
गरबे के लिए राजस्थानी पैटर्न भी बहुत पसंद किया जाता है। इसमें पारंपरिक लहंगा चुन्नी की रेंज है। इसके अलावा सिंपल चमकीले लहंगे में लेस लगी हुई है। दुपट्टा और ब्लाउज में गोटा वर्क भी उपलब्ध कराया गया है। यह लहंगे हल्के होने के साथ ही काफी आकर्षक दिखते हैं।
मराठी-बंगाली ड्रेस भी पसंद
नवरात्र के नौ दिन तक युवा आकर्षक दिखने की विशेष तैयारी करते हैं। राजस्थानी-गुजराती लहंगों के साथ मराठी और बंगाली ड्रेस भी मिल रही हैं। मराठी लुक के लिए युवतियां-महिलाएं साड़ी पहनने के साथ ज्वैलरी कैरी करती हैं। वहीं युवा धोती-कुर्ता-पायजामा सहित विभिन्न ड्रेस में दिखना पसंद करते हैं।
