चौथ का बरवाड़ा कस्बे में स्थित गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में लगे इंदिरा गांधी स्मार्टफोन योजना के कैंप में लाभार्थियों की भारी भीड़ उमड़ने के चलते व्यवस्था बिगड़ गई। जिसके कारण मोबाइल वितरण का कार्य भी रुक गया। यहां एक साथ चार पंचायत के लाभार्थियों को बुलाने के कारण व्यवस्थाएं बिगड़ गई। शाम 4 बजे मोबाइल लेने को लेकर लाभार्थी एक साथ कैंप में घुस गए। एक साथ लोगों के कैंप में घुसने की वजह से यहां व्यवस्थाएं बिगड़ गई। जिस कारण यहां 300 मोबाइल का वितरण होना था, लेकिन 160 मोबाइल ही बंट पाए।
सूचना और प्रौद्योगिकी विभाग के कर्मचारी मुकेश मीणा ने बताया कि गुरुवार को सुबह 10 बजे से मोबाइल का वितरण किया जा रहा था। शाम होते होते लाभार्थियों की भीड़ एकदम से कैंप रूम में उमड़ पड़ी। इस दौरान भीड़ को कैंप के बाहर निकालने का प्रयास भी किया गया, लेकिन लाभार्थी मोबाइल चाहने के चक्कर में व्यवस्था बिगाड़ते हुए नजर आए। गुरुवार को इंदिरा गांधी स्मार्टफोन योजना के तहत 300 लाभार्थियों को मोबाइल का वितरण होना था, लेकिन भारी भीड़ एवं व्यवस्था बिगड़ने के कारण महज 160 लाभार्थियों को ही मोबाइल का वितरण हो सका है। इस दौरान भीड़ की अक्रामकता को देखते हुए कर्मचारियों कैंप छोड़कर निकल गए। जिसके कारण वितरण का कार्य रुक गया।
इस वजह से उमड़ी भीड़
जानकारी के अनुसार आगामी कुछ दिनों बाद चुनाव आचार संहिता लगने के कारण लाभार्थियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। इसी के चलते बड़ी संख्या में लाभार्थी गुरुवार को मोबाइल लेने के लिए कैंप पर पहुंचे। जिसके चलते यहां व्यवस्था बिगड़ गई। वहीं कैंप में एक ही पुलिसकर्मी तैनात होने से व्यवस्था नहीं बन सकी। उच्च अधिकारियों को घटना के बारे में अवगत कराने के बावजूद भी मौके पर जाब्ता नहीं पहुंचा। जिसकी वजह से यहां व्यवस्था नहीं सकी और मोबाइल वितरण का कार्य रोकना पड़ा।
