Wed, 07 22, 2026
देश

स्कूलों में दरवाजा खोल रहे, घंटी बजा रहे और डाक ले जा रहे हैं टीचर जी:

शिक्षा विभाग चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए पद भरने के लिए नहीं उठा रहा है कदम

post-img

स्कूल खुले साढ़े तीन महीने से अधिक हो गए हैं। इधर अर्द्ध वार्षिक परीक्षा व दीपावली नजदीक है और चुनाव आचार संहिता लग गई है, लेकिन कई सरकारी स्कूलों में अध्यापक खुद दरवाजा खोल रहे, घंटी बजा रहे और डाक ले जा रहे हैं। पत्रिका टीम ने स्कूलों का जायजा लिया तो ये हालात सामने आए। इस दौरान पता चला कि परिचारक नहीं हैं और शिक्षा विभाग की रिक्त पद भरने की कोई कवायद भी नहीं है।
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के अभाव में विद्यालय में फोटोकॉपी करवाने, पानी पिलाने व डाक ले जाना लाने सहित तमाम प्रकार के कार्य शिक्षकों को ही करने पड़ रहे हैं। इसके चलते चलते विद्यार्थियों की पढ़ाई भी बाधित हो रही है।
जायजा लेने के दौरान पता चला कि उपखंड क्षेत्र के पायलाकला व सिणधरी ब्लॉक शिक्षा क्षेत्र में लंबे समय से विद्यालय के अंदर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी नहीं होने से विद्यालय में नियुक्त शिक्षकों को विद्यार्थियों को दिशानिर्देश देने के लिए घंटी स्वयं बजाना पड़ रही है। हालत यह है कि विद्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी न होने के कारण शिक्षकों को चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का काम करना पड़ रहा है।
जानकारी के मुताबिक उपखंड के दोनों ब्लॉकों में अधिकतर विद्यालयों में सभी जगह घंटी बजाने के लिए शिक्षकों को ही पहुंचना पड़ रहा है। सभी जगह पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की समस्या सामने आ रही है। उसके बावजूद शिक्षा विभाग पद भरने के लिए कदम नहीं उठा रहा है।
जानकारी के अनुसार विद्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की कमी के चलते विद्यालय समय में शिक्षकों को ही विद्यालय के दरवाजे खोलने पढ़ रहे हैं। वही विंद्यालय में छोटे-मोटे कामों को लेकर सभी शिक्षकों को ही करने पड़ रहे हैं।

 

Related Post