Thu, 07 23, 2026
देश

सेंट्रल जेल का मुख्य प्रहरी 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार:

जेल में बंद मुल्जिम को परेशान नहीं करने की एवज में मांग रहा था 70 हजार रुपए की रिश्वत

post-img

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने शनिवार दोपहर अलवर सेंट्रल जेल में कार्रवाई को अंजाम देते हुए मुख्य प्रहरी को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। मुख्य प्रहरी जेल बंद मुल्जिम को परेशान नहीं करने की एवज में उसके दोस्त से 70 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा था।
अलवर एसीबी चौकी-प्रथम के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित ने बताया कि परिवादी ने एसीबी को शिकायत दी कि बहरोड़ क्षेत्र निवासी उसका दोस्त अलवर सेंट्रल जेल में रोड एक्सीडेंट के मामले में बंद है। जिसे जेल में परेशान नहीं करने की एवज में मुख्य जेल प्रहरी रामावतार शर्मा 70 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा है और बार-बार परेशान कर रहा है। जिस पर एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कराया, जो कि सही पाया गया। मुख्य प्रहरी ने शनिवार दोपहर परिवादी को रिश्वत राशि लेकर सेंट्रल जेल परिसर स्थित अपनी बैरक में बुलाया और 20 हजार रुपए रिश्वत ले ली। इसके तुरंत बाद रिश्वत एसीबी के इंस्पेक्टर प्रेमचंद एवं उनकी टीम ने कार्रवाई को अंजाम देते हुए मुख्य प्रहरी रामावतार शर्मा पुत्र हजारीलाल शर्मा निवासी मालुताना-थानागाजी को गिरफ्तार कर लिया और आरोपी के कब्जे से रिश्वत राशि 20 हजार रुपए बरामद किए। कार्रवाई के बाद एसीबी टीम आरोपी को लेकर रवाना हो गई।
कार्रवाई से जेल में मचा हड़कम्प:
शुक्रवार को अलवर सेंट्रल जेल में बंदियों के पास से मोबाइल बरामद हुए थे। इस घटना के बाद शनिवार को जेल में सर्च ऑपरेशन चल रहा था। इसी दौरान सुबह करीब 11 बजे एसीबी टीम वहां पहुंच गई। सर्च ऑपरेशन के कारण एसीबी ट्रैप कार्रवाई के लिए इंतजार करती रही। सर्च ऑपरेशन बंद होने के बाद एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दे डाला। अचानक हुई एसीबी की कार्रवाई से जेल प्रशासन में हड़कम्प मच गया।
शिकायत में जेलर का भी नाम
एसीबी के अधिकारियों के मुताबिक परिवादी ने शिकायत में अलवर जेल के जेलर सुमेरसिंह पर भी रिश्वत मांगने के आरोप लगाए, लेकिन उनके बारे में कोई सबूत नहीं मिले। जांच के दौरान उनसे भी पूछताछ की जाएगी। सूत्रों के अनुसार एसीबी की रेड के दौरान जेलर सुमेरसिंह जेल में तलाशी ले रहे थे। एसीबी की रेड का पता चलने पर वे जेल से गायब हो गए।
फोन-पे से मांग रहा था 50 हजार
एसीबी के अनुसार रिश्वत का आरोपी मुख्य प्रहरी रामावतार शर्मा शेष रिश्वत राशि 50 हजार रुपए परिवादी से फोन-पे के माध्यम से मांग रहा था। आरोपी के आवास व अन्य ठिकानों पर तलाशी जारी है।

Related Post